प्रदेश सरकार की यूनिवर्सल हेल्थ प्रोटेक्शन स्कीम में राज्य केे 6 लाख से अधिक लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सरकार ने इसका खाका तैयार कर लिया है। इस योजना में सामान्य श्रेणी के लोग लाभान्वित होंगे।
इसमें उन लोगों को शामिल किया जाएगा, जो केंद्र सरकार की आयुष्मान योजना, स्टेट हेल्थ केयर स्कीम समेत राज्य में लागू तमाम योजनाओं से छूटे गए हैं। इसमें सिर्फ सरकारी नौकरी वालों को लाभ नहीं मिलेगा। इस योजना में शामिल होने वाले लाभार्थियों से प्रतिदिन एक रुपया यानी साल में 365 रुपये प्रीमियम लिया जाएगा।
पहले इस योजना के तहत 1 लाख 10 हजार लोगों को लिया जाना था, लेकिन इस योजना में अब 6 लाख लोगों को जोड़ने का निर्णय लिया गया है। इसमें न्यूनतम स्वास्थ्य बीमा कवर 30 हजार रुपये तक मिलेगा, जबकि 1.75 लाख रुपये तक की धनराशि क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) में इलाज पर मिलेगी।
कैंसर जैसी गंभीर बीमारी पर 2.75 लाख रुपये तक का नि:शुल्क इलाज होगा। इस योजना का लाभ पाने के लिए सरकार की ओर से अस्पतालों में खोली गई यूनिट में लोग आवेदन कर सकेंगे। ब्यूरो
हिमाचल यूनिवर्सल हेल्थ प्रोटेक्शन स्कीम के तहत छह लाख मध्यवर्गीय लोगों को जोड़ा जाना है, जबकि स्टेट हेल्थ केयर स्कीम में 5 लाख के आसपास लोग लाभान्वित होंगे। मुख्यतया केंद्र की आयुष्मान योजना से छूटे लोगों को इसका लाभ मिल पाएगा। - बीके अग्रवाल, अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य, हिमाचल प्रदेश