एक्सीलेंस कॉलेज संजौली में 80 लाख रुपये के गोलमाल मामले की फाइल नौ अगस्त को होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में जाएगी। कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपलों पर कार्रवाई करने की मंजूरी लेने के लिए शिक्षा विभाग इस प्रस्ताव को कैबिनेट में ले जा रहा है। मामले में चार्जशीट किए गए कॉलेज के एक अधिकारी के पत्र पर संज्ञान लेते हुए शिक्षा सचिव डॉ. अरुण कुमार शर्मा ने साल 2016 से लंबित जांच की रिपोर्ट जून महीने में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज को भेजी थी।
सरकार ने मामले को कैबिनेट में लाने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में शिक्षा विभाग अब नौ अगस्त को इस मामले को सरकार के समक्ष रखेगा। बीते दिनों शिक्षा निदेशालय से सेवानिवृत्त हुए पूर्व प्रिंसिपल सहित हिमाचल विश्वविद्यालय के उच्च पद पर नियुक्त पूर्व प्रिंसिपल पर गाज गिरना लगभग तय हो गया है। साल 2016 के दौरान संजौली कॉलेज में 80 लाख रुपये का गबन होने का मामला सामने आया था।