कर्मचारी चयन आयोग की जगह गठित राज्य चयन आयोग हाईकोर्ट, विधानसभा, लोकसेवा आयोग, करुणामूलक और जेबीटी की भर्तियां नहीं कर पाएगा। ग्रुप-सी के सभी पद जिस पर भर्ती पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित रिक्तियों के विरुद्ध की जानी है। इसमें युद्ध में मारे गए या विकलांग, नागरिक रोजगार के लिए अयोग्य एवं शारीरिक रूप से विकलांग रक्षा सेवा कर्मियों के आश्रित शामिल होंगे। तृतीय श्रेणी के लिए बैचवाइज भर्ती को आयोग के दायरे से बाहर रखा है। लोक निर्माण विभाग में सर्वेयर के पद भरने की सिफारिश भी इसके दायरे में नहीं रखी गई है।
युवाओं में जगी भर्तियों की प्रक्रिया शुरू होने की आस
आयोग की अधिसूचना के बाद बेरोजगार युवाओं में रोजगार की उम्मीद जगी है। 23 दिसंबर को पोस्ट कोड 965 जेओए आईटी पेपर लीक के बाद हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग ने काम करना बंद कर दिया था। लेकिन चयन आयोग के भंग होने से पूर्व प्रदेश के लाखों युवाओं ने विभिन्न पदों पर होने वाली छंटनी परीक्षाओं के लिए आवेदन किया था।
भंग होने से पूर्व हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर ने शिक्षा विभाग, पुलिस, एचआरटीसी और बिजली बोर्ड समेत 79 विभिन्न पोस्ट कोड के तहत विभिन्न विभागों में 1647 पदों को भरने के लिए अक्तूबर 2022 में आवेदन मांगे थे।