वहीं दौलतपुर चौक के कैलाशनगर, रामनगर एवं कुनेरन के 20 से 25 घरों में पानी घुसने से भारी नुकसान हुआ। उधर ऊना से होशियारपुर सड़क मार्ग के सबसे अहम घालूवाल पुल को सोमभद्रा नदी का रौद्र रूप देख दोपहर 12:00 बजे से दो बजे तक बंद रखना पड़ा। बारिश से लोक निर्माण विभाग एवं बिजली विभाग को काफी नुकसान हुआ। भंजाल वार्ड के जिला पार्षद सुशील कालिया ने मंगलवार को नुकसान का जायजा लिया। उधर, बारिश के चलते कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तहत बीहडू में भी बड़ा ल्हासा सड़कों के बीचोबीच गिर गया। इससे सड़क के दोनों ओर जाम लगने लगा। करीब दो घंटे चले कार्य के बाद ऊना-बीहडू रोड़ को यातायात के लिए बहाल किया गया।
खराब मौसम के चलते अंब और गगरेट खंड के स्कूलों में प्रशासन से अवकाश घोषित कर दिया। अचान छुट्टी की घोषणा से अनभिज्ञ विद्यार्थी स्कूल की दहलीज से बारिश में भीगते घरों को लौटे। वहीं अंब और गगरेट खंडों के साथ लगते अन्य क्षेत्रों के स्कूलों में छुट्टी को लेकर संशय रहा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंडोगा में तो कई बच्चे घर भी लौट गए। जबकि वहां हालात सामान्य थे। उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने कहा कि जिलेभर में बारिश से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। जिन स्थानों पर घरों को नुकसान पहुंचा, प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचकर राहत कार्य कर रही हैं। सभी सड़क मार्ग सुचारू कर दिए गए हैं।
बरसात के तेज बहाव में सिविल अस्पताल अंब के समीप एक घर के बाहर खड़ी कार पानी के तेज बहाव के साथ बह गई और पहाड़ी नाले में होती हुई लगभग आधा किलोमीटर दूर पहुंच गई। इस कारण कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा सलूरी में भी एक व्यक्ति खड्ड के तेज बहाव में फंस गया। उसके बचाव के लिए प्रशासनिक टीम मौके पर भेजी गई। उसे खड्ड से बाहर निकाला गया। अंब बाजार में विशेष रूप से बस अड्डा परिसर, नैहरियां रोड बाजार में पानी तेज बहाव के साथ दुकानों और अंब थाना परिसर में घुस गया। भारी मात्रा में सिल्ट भी दुकानों में भर गई। करियाना दुकान के मालिक राजकुमार गोस्वामी ने बताया कि उनकी दुकान में पानी घुस आने के कारण लगभग दो लाख रुपए से अधिक का नुकसान है।
गगरेट और अंब क्षेत्र में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन खासा प्रभावित किया। बारिश से इन क्षेत्रों में रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। गुजरात से चलकर ऊना, अंब और दौलतपुर चौक तब आवागमन करने वाली साबरमती एक्सप्रेस नंगल और दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन के बीच रद्द रही। अंब अंदौरा और दौलतपुर चौक रेलवे ट्रैक पर बारिश के चलते मलवा आ पहुंचा। इस पर साबरमती एक्सप्रेस के पहिये नंगल रेलवे स्टेशन पर ही रोकने पड़े। इससे ऊना, अंब-अंदौरा सहित दौलतपुर चौक तक आने वाले यात्रियों को अधूरे सफर की समस्या का सामना करना पड़ा।
नंगल से अपने साधनों या फिर बसों के माध्यम से जिला ऊना के गंतव्यों तक पहुंचना पड़ा। साबरमती एक्सप्रेस गुजरात से चलकर 11:45 पर दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन पर पहुंचती है। इससे पूर्व यह ट्रेन ऊना रेलवे स्टेशन पर 11 बजे सुबह पहुंच कर यात्रियों को यात्रा लाभ प्रदान करती है। जबकि वापसी में साबरमती एक्सप्रेस दौलतपुर चौक से दोपहर 02:25 पर चलकर अंब में 02:40 व ऊना से दोपहर 03:04 बजे पहुंचकर आगामी सफर तय करती है। लेकिन मंगलवार को इस यात्रा से यात्रियों को महरूम रहना पड़ा। रेलवे स्टेशन ऊना के अधीक्षक रोदाश सिंह ने बताया कि साबरमती एक्सप्रेस नंगल स्टेशन तक ही आई। बाकी ट्रेनें समय पर आईं और गईं हैं।