राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा है कि कोरोना वायरस के खिलाफ हम हिमाचल में जीत के रास्ते पर चल रहे हैं। इससे अकेली सरकार नहीं, पूरी जनता लड़ रही है। कोरोना के खिलाफ इस जीत में सारी जनता का योगदान है। जयराम सरकार के कोरोना वायरस के खिलाफ एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान से संतोष जताते हुए उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में मुख्यमंत्री, मंत्रियों और प्रशासन ने बहुत ही निष्ठा से काम किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आठ-नौ दिनों में अगर कोरोना वायरस का कोई पॉजिटिव केस नहीं आया तो उस स्थिति में हिमाचल कोरोना वायरस पर विजय पाएगा।
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने रविवार को विश्व प्रेस डे पर राजभवन में अमर उजाला से विशेष बातचीत की। उन्होंने कहा कि इस दिन वह मीडिया जगत के कोविड 19 के खिलाफ लड़ाई में योगदान की सराहना करते हैं और सबको बधाई देते हैं। दत्तात्रेय ने पुलिस, स्वास्थ्य, सफाई कर्मियों, श्रमिकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं समेत तमाम कर्मचारियों की इस जंग को लड़ने में योगदान की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि लोगों ने भी सरकारी आदेशों की पूरी तरह से पालना की। देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रणनीति से संक्रमण ज्यादा नहीं फैल पाया। हालांकि, अभी लड़ाई लंबी है। उन्होंने हिमाचल के लोगों का सरकारी आदेशों की शत-प्रतिशत अनुपालना करने की तारीफ की। उन्होंने जयराम सरकार के एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान को कारगर बताते हुए कहा कि इससे हर आदमी का चेकअप किया गया और शुरू में ही मरीजों को लक्षित कर उनका उपचार कर उन्हें स्वस्थ कर दिया गया।
बाहर से आ रहे लोगों से संक्रमण फैलने की आशंका से इंकार नहीं
बाहर से आ रहे लोगों से संक्रमण फैलने की आशंका से राज्यपाल ने भी इंकार नहीं किया। इस बारे में सख्ती करने के सरकार को सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल के बाहर से बड़ी संख्या में आ रहे लोगों को क्वारंटीन किया जा रहा है। तभी उन्हें अंदर आने दिया जा रहा है। उन्हें उम्मीद है कि आगे चलकर सब कुछ नियंत्रण में होगा, लेकिन फिर भी बार-बार लोगों को चेकअप करते रहना जरूरी होगा।
उन्होंने ऐसे लोगों से भी अपील की कि अगर उनको आभास हो कि उनको संक्रमण हुआ है तो उन्हें भी तत्काल समाचार देना चाहिए। यह व्यवस्था सरकार के प्रयासों को और सुदृढ़ करेगी। राज्यपाल ने राजभवन में मीडिया प्रतिनिधियों से प्रदेश भर में कोरोना वायरस को लेकर उपजी स्थिति के बारे में विभिन्न पहलुओं पर चर्चा भी की। उन्होंने इस संबंध में विभिन्न सुझाव भी लिए।