ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने बिजली बोर्ड के अधिकारियों को वैकल्पिक व्यवस्था के बाद ही किसी भी क्षेत्र में बिजली का शटडाउन लेने के निर्देश दिए हैं। कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों, अस्पतालों और ऑक्सीजन प्लांटों में 24 घंटे बिजली की सप्लाई जारी रखी जाए।
अपरिहार्य परिस्थितियों में लगातार मरम्मत कार्य जारी रखते हुए व्यवधानों को दूर किया जाए। मंत्री ने कहा कि सभी उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति में किसी तरह का व्यवधान न आने दिया जाए, जिससे कोरोना कर्फ्यू और धारा-144 के दौरान आम जनता घर पर ही रहे।
उन्होंने कोविड केयर संस्थानों, अस्पतालों और ऑक्सीजन प्लांटों के लिए विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए। कहा कि इनमें किसी अपरिहार्य परिस्थितियों में आपूर्ति में व्यवधान आने को प्राथमिकता के आधार पर 24 घंटे मरम्मत कार्य कर व्यवधानों को दूर किया जाए।
मरम्मत और विद्युत संबंधी नई अधोसरंचनाओं, संचार लाइनों के निर्माण की दिशा में किए जाने वाले शटडाउन और चेंज ओवर को सोच समझकर ही जब अत्यधिक आवश्यक हो तब पूर्व सूचना देकर सुनिश्चित विद्युत आपूर्ति का वैकल्पिक प्रबंधन कर ही किया जाए।
कहा कि बरोटीवाला ऑक्सीजन संयंत्र सहित प्रदेश के अन्य सभी ऑक्सीजन संयंत्रों की विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और इसके लिए बड़ी 132 केवी संचार लाइनों की व्यवस्था सुचारु बनाई जाए। मंत्री ने बताया कि वह समय-समय पर स्वयं इन सभी प्रबंधों की समीक्षा करेंगे।