विधानसभा चुनाव के लिए टिकट न मिलने से नाराज युवा कांग्रेस पदाधिकारियों को मनाने में पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला कामयाब हो गए हैं। मंगलवार को शुक्ला ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी और कार्यकारी अध्यक्ष यदोपति ठाकुर को एक मंच पर लाकर एकजुट होने का संदेश दिया। शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर नेगी निगम भंडारी, यदोपति ठाकुर और अन्य युवा नेताओं को बड़े पद दिए जाएंगे।
मंगलवार को राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में शुक्ला ने कहा कि प्रदेश विधानसभा के चुनावों में युवा कांग्रेस की अहम भूमिका है। युवा कांग्रेस ने पार्टी की मजबूती के लिए पूरी ताकत के साथ काम किया है। इसी का नतीजा है कि आज हर बूथ पर युवा कांग्रेस के पांच-पांच साथी हैं। युवा कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर भी अच्छा कार्य किया है। युवा कांग्रेस एकजुट है और पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में डटी है। शुक्ला ने कहा कि टिकट वितरण के कई पैमाने होते हैं।
कांग्रेस ने युवाओं को टिकट दिए हैं। केवल मौजूदा कार्यकारिणी को टिकट नहीं मिला है। इस दौरान भंडारी ने कहा कि टिकट न मिलने से न वे और न ही युवा कांग्रेस का अन्य कोई नेता नाराज है। युवा कांग्रेस का कोई भी नेता निर्दलीय चुनाव में नहीं उतरा है। इससे पता चलता है कि वे पार्टी के साथ हैं। कांग्रेस हाईकमान ने युवा कांग्रेस के काम को देखा है और वह जानते हैं कि युवा पार्टी के लिए कितनी मेहनत कर रहे हैं। पार्टी ने जिस-जिस को भी टिकट दिया है, युवा कांग्रेस उन सभी के लिए कार्य करेगी।