हिमाचल प्रदेश में अवैध खनन के खिलाफ अब पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। खनन को लेकर होने वाले चालान की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। प्रदेश पुलिस मुख्यालय की ओर से इसे लेकर नई गाइडलाइन जारी की गई है। पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी के निर्देशानुसार अब अवैध खनन में पकड़ी गई जेसीबी, टिप्पर, एक्सकेवेटर जैसी भारी मशीनों को अनिवार्य रूप से जब्त कर सीधे न्यायालय में पेश किया जाएगा। नए निर्देशों में छोटे परिवहन साधनों को थोड़ी राहत दी गई है। अवैध खनन में शामिल ट्रैक्टर और खच्चरों के मामलों में पुलिस कानून के प्रावधानों के तहत चालान कर उन्हें कंपाउंड कर सकती है।