हिमाचल के नाहन-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर मोगीनंद के समीप डिंगरवाला के जंगल में पुलिस को हथियारों के कारतूसों का जखीरा मिला है। झाड़ियों के बीच एक बैग में छुपाकर रखे लगभग 293 कारतूस मिलने से सनसनी फैल गई है।
12, 32 और 38 बोर की राइफल के यह कारतूस लगभग एक महीने पुराने बताए जा रहे हैं। इन्हें किसने यहां छुपाकर रखा था। इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस की मानें तो फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा कि यह कारतूस किसके और कितने साल पुराने हैं।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर कालाअंब थाना को सूचना मिली कि डिंगरवाला के समीप झाड़ियों के बीच कुछ हथियार छुपाकर रखे गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस का एक दल तुरंत मौके पर पहुंच गया। वहां कारतूसों का जखीरा पाया गया तो इसकी सूचना तुरंत एएसपी विनोद धीमान को दी गई।