एक सप्ताह से लापता महिला की लाश वीरवार की शाम इंडस्ट्रियल एरिया के पास झाड़ियों में मिली। मृतका के सिर पर चोटें थी और पास ही खून लगा एक पत्थर पड़ा था। गले में चुुनरी लिपटी थी। थाना शाहपुरकंडी पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। इंडस्ट्रीयल एरिया के पास वीरवार की शाम आसपास के लोगों ने शव पड़े देखा। लोगों ने इसकी सूचना तुरंत शाहपुरकंडी पुलिस को दी।
इस पर थाना प्रभारी परमजीत कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच के बाद शव कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया मृतका की पहचान गुरमीत कौर (45) पत्नी स्वर्गीय सुच्चा सिंह निवासी जिंदरई निचली के रूप में हुई है।