प्रदेश में बच्चा चोरी की अफवाहों और उसके बाद लोगों से मारपीट की घटनाओं के बीच पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसपी को इससे सख्ती से निपटने के लिए कहा है। निर्देश दिए गए हैं कि गलत अफवाह फैलाने और सूचनाओं का प्रसार करने वालों पर कार्रवाई की जाए।
दरअसल, पिछले कुछ समय में प्रदेश में एक भी बच्चे के चोरी होने की सूचना नहीं दर्ज हुई है। बावजूद इसके कुल्लू, शिमला, सोलन समेत कई स्थानों पर बच्चा चोरी की आशंका के चलते भीड़ के हाथों बेकसूरों की पीटने की वारदात सामने आई है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश के बाद प्रदेश के सभी जिलों की पुलिस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंटों के माध्यम से लोगों से ऐसी अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। साथ ही लोगों को आगाह भी किया है कि वह गलत सूचनाओं को प्रचारित न करें।
बता दें, पिछले कुछ समय में हिमाचल समेत देशभर में बच्चा चोरी की अफवाह के नाम पर आम नागरिकों से मारपीट की कई घटनाएं सामने आई हैं। हिमाचल की रहने वाली एक महिला तक को बच्चा चोर समझकर पब्लिक ने पीट दिया था।
हालांकि, पुलिस की जांच में महिला पर लगे आरोप गलत निकले। कुल्लू में भी हाल में सात लोगों को पुलिस ने ऐसे ही मामले में मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया था।