सूत्रों के मुताबिक सोशल मीडिया में एक पोस्ट वायरल हुई है। इसके वायरल होते ही जांच के लिए नालागढ़ में एनआईए व अन्य जांच एजेंसियों ने डेरा डाल रखा है। नालागढ़ में हुए इस हादसे के बाद बीबीएन में बाहरी राज्यों के कामगारों व उद्योगपतियों में दहशत का माहौल है। वीरवार सुबह 9:40 बजे पर नालागढ़ थाने के साथ जाने वाले रास्ते के साथ एक जोरदार धमाका हुआ। यह धमाका इतना जोरदार था कि थाना समेत आधा दर्जन भवनों की खिड़कियों के शीशे टूट गए।
सूचना मिलते ही बद्दी से एसपी विनोद धीमान, डीएसपी नालागढ़ समेत फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक सुबूत जुटाए। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले। नालागढ़ में पहले भी कई आतंकी संगठनों ने धमकियां दी हैं। उधर, एसपी विनोद धीमान ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने सैंपल लिए हैं, उसकी रिपोर्ट आने के बाद धमाके के कारणों को बताया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की है किसी तरह के अफवाह न फैलाएं। अगर कोई संदिग्ध दिखाई देता है तो उसकी जानकारी पुलिस को दें। पुलिस इस मामले सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है।