फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla MSME Fest: देश-विदेश की नामी कंपनियां बल्क ड्रग पार्क में करेगी निवेश, रिज पर आज से आगाज

Sat, 03 Jan 2026 11:19 AM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।

सार

 हिम एमएसएमई फेस्ट 2026 के दूसरे दिन रविवार को सरकार पीटरहॉफ में देश-विदेश की नामी कंपनियों के साथ मेमोरेंडम ऑफ कमिटमेंट (एमओसी) साइन करेगी।
विज्ञापन
हिम एमएसएमई फेस्ट 2026 - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शिमला के रिज मैदान पर शनिवार को शुरू होने जा रहे हिम एमएसएमई फेस्ट 2026 के दूसरे दिन रविवार को सरकार पीटरहॉफ में देश-विदेश की नामी कंपनियों के साथ मेमोरेंडम ऑफ कमिटमेंट (एमओसी) साइन करेगी। ऊना के हरोली में बन रहे बल्क ड्रग पार्क में दिसंबर में पहले चरण का काम शुरू किया जाना है। ऐसे में उद्योग विभाग ने एमओसी साइन करने के लिए नामी औद्योगिक घरानों के सीईओ को बुलाया है। इंड्सरो, मैनकाइंड, अदाणी, अरविंदो, सनफार्मा जैसे अंतरराष्ट्रीय कंपनियां इस कार्यक्रम में शिरकत कर रही हैं। बल्क ड्रग पार्क में फार्मा उद्योगों के लिए कच्चा माल तैयार किया जाना है।

विज्ञापन

इसके अलावा देश और विदेश के नामी औद्योगिक घरानों को भी इस फेस्ट में आने का निमंत्रण दिया गया है। प्रदेश सरकार का मानना है कि बल्क ड्रग पार्क में आईटी से संबंधित डिप्लोमा, डिग्री होल्डर को अच्छे पैकेज में नौकरी के अवसर प्रदान होंगे। 10 करोड़ रुपये का निवेश पार्क के भीतर, जबकि बाहर 5000 करोड़ का निवेश होगा। 35 हजार से ज्यादा युवाओं को इसमें रोजगार मिलेगा। सनफार्मा कंपनी दवाइयों का कच्चा माल तैयार करेगी, जबकि इंड्सरो सेना के टैंक के कलपुर्जे तैयार करेगी। इंड्सरो चंडीगढ़ में भी कलपुर्जे का उत्पादन करती है। सनफार्मा देश विदेश की नामी कंपनी है। यह कंपनी भी दवाओं का उत्पादन करती है।
 

1402.44 एकड़ भूमि में बन रहा बल्क ड्रग पार्क
बल्क ड्रग पार्क की कुल अनुमानित लागत 1,923 करोड़ रुपये है। इसमें केंद्र सरकार की अनुदान राशि 1,118 करोड़ रुपये है। वहीं, 804.54 करोड़ रुपये की राशि राज्य सरकार की ओर से खर्च की जाएगी। 1402.44 एकड़ भूमि में इसे बनाया जा रहा है। बल्क ड्रग पार्क में फार्मा कंपनियों से लिए कच्चा माल तैयार होगा। अभी फार्मा उद्योगों के लिए चीन से कच्चा माल लाया जाता है। यह महंगा पड़ता है। अब चीन के बजाय कंपनियां बल्क ड्रग पार्क से कच्चा माल उठा सकेंगी।

रिकाॅर्ड बनाने को तैयार उद्योग विभाग
शिमला में हो रहे इस सम्मेलन को लेकर उद्योग विभाग लिम्का बुक ऑफ रिकाॅर्ड्स बनाने को तैयार है। मुख्यालय के अलावा जिला उद्योग विभाग के अधिकारी इस कार्यक्रम को सफल बनाने में लगे हैं। पहली बार नामी कंपनियों के सीईओ शिमला में जुट रहे हैं।

पहाड़ के हुनर को मिलेगा वैश्विक मंच हर जिले के उत्पाद किए जाएंगे प्रदर्शित
 उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि हिमाचल के स्थानीय उत्पादों को अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जानी है। महिला उद्यमियों को भी इस फेस्ट में आमंत्रित किया गया है। केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय के अधिकारी भी इस फेस्ट में शामिल हो रहे हैं। पीटरहॉफ में होने वाले संवाद के दौरान कम से कम 100 एमओसी साइन होंगे। रिज मैदान पर कुल्लवी शॉल और हर जिले के उत्पादों के स्टाल लगेंगे। सिरमौर का अदरक, सोलन की मशरूम, कांगड़ा की चाय, किन्नौर का हींग, शिमला का सेब, हमीरपुर की हल्दी जैसे उत्पाद नामी कंपनियों के समक्ष रखे जाएंगे। 
विज्ञापन

पहली स्टार नाइट में गैरी संधू मचाएंगे धमाल 
 तीन जनवरी को एमएसएमई फेस्ट की स्टार नाइट में पंजाबी गायक गैरी संधू पंजाबी गीतों के साथ धमाल मचाएंगे। इसी रोज दिल्ली में रहने वाले चंबा के मशहूर लोक गायक पीयूष राज लोक संगीत का जादू बिखेंगे। सिरमौर, हमीरपुर, मंडी और चंबा के सांस्कृतिक दल प्रस्तुति देंगे। वहीं, 4 जनवरी को पीटरहॉफ में गजल गायक सुरेंद्र खान गजलों से समां बांधेंगे, जबकि रिज मैदान पर पहाड़ी गायक और दो गायिकाएं अपने सुरों के जादू बिखेरेंगी। इंडियन आइडल फेम नितिन, सौरभ अत्री, शिमला के लोकगायक हेमंत शर्मा, लोकगायिका गीता भारद्वाज, जतिन कुमार और ज्योति अपनी दमदार प्रस्तुतियों से फेस्ट की शाम को यादगार बनाएंगे। इसके अतिरिक्त किन्नौर, कुल्लू, कांगड़ा और शिमला के सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुति देंगे। हस्तशिल्प, हैंडलूम, फूड प्रोसेसिंग, एग्री बेस्ड इनोवेशन और टेक स्टार्टअप्स की झलक देखने को मिलेगी। उद्योग विभाग का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना, स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ना और निवेश के नए अवसर सृजित करना है। मार्गदर्शन सत्र और नेटवर्किंग मीट्स के जरिये उद्यमियों को विशेषज्ञों से संवाद का मौका मिलेगा। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें