जिला कुल्लू में एक महिला से तीन तलाक का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। तीन तलाक के बारे में पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कुल्लू को बताया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले को महिला थाने में जांच के लिए भेजा। पीड़ित ने पुलिस को तीन तलाक संबंधी दस्तावेज पेश किए।
अल्पसंख्यक समुदाय से संबंध रखने वाली महिला ने कहा कि उसके पति ने उसे मोबाइल के माध्यम से तीन तलाक कहकर तलाकनामा दे दिया। पीड़ित महिला कल्याण समिति की अध्यक्ष अंजना और समाजसेवी पुष्पा के साथ एसपी से मिलने पहुंची थीं।
पीड़ित ने शिकायत में बताया कि उसे जबरन मोबाइल से पति ने तीन तलाक दिया। हालांकि, मायके वालों ने समझौते के लिए आग्रह किया, लेकिन पति ने कहा कि आप जो मर्जी कर लो हमने तलाक दे दिया है। पीड़ित की शादी 8 वर्ष पहले दलाशनी गांव के रफीक से हुई थी। उसकी दो बेटियां भी हैं। तीन तलाक के बाद अब पीड़ित गहरे सदमे में है। जिला कुल्लू में महिला को तीन तलाक देने का मामला सामने आने के बाद कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई है।
सोशल मीडिया पर भी लोग मामले को लेकर प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। हालांकि, शनिवार को एसपी कुल्लू मामले में जांच के लिए स्वयं महिला थाना पहुंचे। एसपी गुरदेव शर्मा ने कहा कि महिला पुलिस थाना में शिकायतकर्ता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि मामले की आगामी छानबीन चल रही है।