कोरोना महामारी के चलते हिमाचल प्रदेश में 11 माह बाद रविवार को 22वां जनमंच कार्यक्रम हुआ, जिसमें 662 शिकायतें आईं। इनमें से अधिकांश का मौके पर निपटारा किया गया। हमीरपुर जिले के झगड़ियाणी में हुए जनमंच में उस समय हंगामा हो गया, जब बड़सर उपमंडल के बुजुर्ग तुलसी राम ने समस्या की सुनवाई न होने पर मंत्री सरवीण चौधरी के सामने जनमंच मुर्दाबाद के नारे लगा दिए। उपायुक्त ने बुजुर्ग को समझाया कि यह आपके क्षेत्र का जनमंच कार्यक्रम नहीं है।
इसके बावजूद हंगामा करने पर पुलिस ने बुजुर्ग को कार्यक्रम से बाहर कर दिया। वहीं सोलन में मंत्री सुरेश भारद्वाज ने हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक को फटकार लगा दी। लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिले को छोड़कर 10 जिलों में जनमंच कार्यक्रम हुआ। सोलन जिले की ममलीग पंचायत में हुए जनमंच में पहुंचे शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज तल्ख अंदाज में दिखे। कार्यक्रम में बंद पड़े बस रूट शुरू करने की मांग पर मंत्री ने निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) को फटकार लगाते हुए समस्या को एक सप्ताह में दूर करने के निर्देश जारी किए। यहां 83 में से 62 शिकायतों का निपटारा किया गया।
चंबा जिले की हरिपुर पंचायत में मुख्यातिथि विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार सवा घंटा देरी से कार्यक्रम में पहुंचे। इससे लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा। यहां बिजली, पानी, राजस्व आदि से संबंधित 41 मांगें लोगों ने उठाईं, जिनमें दो का ही मौके पर समाधान हुआ। शिमला जिले के बसंतपुर में जनमंच में लोगों ने पेयजल की बंदरबांट का मुद्दा उठाया तो मुख्यातिथि हिमाचल वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने एसडीओ और एक्सईएन को फटकार लगा दी। सत्ती ने लोगों को कहा कि अगर फीटर पंप हाउस की चाबी नहीं देता है तो ताला तोड़ दो। यहां कुल 73 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 29 का निपटारा किया गया।
कुल्लू के बाशिंग में 95 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 85 निपटाईं। कांगड़ा में 54 शिकायतों में से 40 का मौके पर निपटारा किया गया। जिला बिलासपुर के बस्सी में 41 शिकायतें और 29 मांगें प्राप्त हुईं। मंडी जिले के रिवालसर में कार्यक्रम में 132 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से अधिकतर का निपटारा कर दिया गया। यहां मनरेगा कार्यों में धांधली की शिकायतों पर मंत्री राकेश पठानिया ने विजिलेंस जांच के आदेश दिए। ऊना जिले में चिंतपूर्णी के किन्नु में जनमंच में 53 शिकायतें प्राप्त हुईं। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब के गोरखुवाला में 32 शिकायतें और 100 से अधिक मांगें प्राप्त हुईं। हमीरपुर में 57 शिकायतें आईं, जिनमें अधिकांश निपटा दी गईं।