पायल को सम्मानित करते नौसेना अधिकारी।
- फोटो : संवाद
डीएवी स्कूल आलमपुर की छात्रा पायल महाजन ने भारतीय नौसेना में लेफ्टिनेंट बनकर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया है। पायल पुत्री अनिल गुप्ता निवासी वार्ड नौ सुजानपुर टीहरा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा एलकेजी से लेकर 12वीं तक पढ़ाई डीएवी स्कूल आलमपुर में की है। पायल ने वर्ष 2017 में सेना की लिखित परीक्षा करने के बाद भारतीय नौसेना के अश्विनी कमांड अस्पताल मुंबई में प्रशिक्षण लिया।
परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर नौसेना ऑफिसर ने पायल महाजन को कंधे पर स्टार लगाकर 10 हजार रुपये का चेक एवं दो स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। भारतीय नौसेना ने 21 फरवरी को पायल महाजन को अश्विनी कमांड अस्पताल मुंबई में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्ति दी। पायल के पिता अनिल गुप्ता अध्यापक पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। माता लता महाजन डीएवी स्कूल आलमपुर में अध्यापिका हैं। पायल ने अपनी कामयाबी का श्रेय माता-पिता, डीएवी स्कूल के प्रधानाचार्य बिक्रम सिंह, स्कूल स्टाफ और मुंबई कॉलेज के प्राध्यापकों को दिया है।
बारी की डॉ. शबनम कटोच बनीं कृषि विवि में वैज्ञानिक
उप तहसील भवारना की पंचायत बारी के गांव आरठ की डॉ. शबनम कटोच ने कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में कृषि केंद्र कुकुमसरी लाहौल-स्पीति में वैज्ञानिक पद पर नियुक्ति पाकर अपने परिवार और इलाके का नाम रोशन किया है। डॉ. शबनम कटोच के वैज्ञानिक बनने से गांव में खुशी है।
डॉ. शबनम ने सफलता का श्रेय दादा करतार चंद कटोच, दादी शकुंतला कटोच, पिता नरेश कटोच, माता सुधा कटोच, पति अमित कुमार व भाई अभिनय कटोच को दिया है। उनका कहना है उनके अध्यापक डॉ. प्रेम नाथ शर्मा, डॉ. एसके राणा, डॉ. बीए पद्दर, डॉ. सुमन कटोच, डॉ. विवेक शर्मा ने हमेशा उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी, जिससे वे यहां तक पहुंची हैं।