मूलभूत सुविधाओं की चुनौतियों के बावजूद ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में भागीदारी सुनिश्चित करने में लाहौल-स्पीति के नौनिहाल पूरे हिमाचल में सबसे आगे निकल गए हैं। पिछले सप्ताह की तुलना में इस बार लाहौल-स्पीति के छात्र-छात्राओं की भागीदारी में रिकॉर्ड 156 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज हुई है, जबकि कोरोना में स्कूल बंद हैं।
शिक्षा निदेशालय मई 2020 से हिमाचल में पहली से आठवीं और नौवीं से बारहवीं कक्षा के बच्चों के लिए हर सप्ताह ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का संचालन कर रहा है। शुरूआती दौर में कई सप्ताह तक क्विज प्रतियोगिता में हिस्सा लेने में लाहौल-स्पीति सबसे पीछे चल रह था। लेकिन पिछले 10 सप्ताह से लाहौल-स्पीति लगातार शीर्ष पर बना हुआ है।
सोमवार को शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक नौवीं से जमा दो कक्षा के अंतर्गत ऑनलाइन क्विज में लाहौल-स्पीति के बच्चों की भागीदारी 231 फीसदी दर्ज हुई है। शिक्षा उपनिदेशक सुरजीत राव ने कहा कि उपायुक्त के मार्गदर्शन और अध्यापकों की कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल हुआ है।
अध्यापकों ने घर घर पहुंच कर बच्चों का लॉगइन आईडी तैयार कर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की। हालांकि इंटरनेट सुविधा नहीं होने के कारण तिंदी ओर मयाड़ के बच्चे इस क्विज प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं बन सके हैं। (संवाद)
कांगड़ा दूसरे स्थान पर, शिमला सबसे पीछे रहा
रिपोर्ट के मुताबिक हिमाचल में इस सप्ताह पहली से जमा दो तक 392950 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन क्विज में हिस्सा लिया। पिछले सप्ताह यह आंकड़ा 330986 था। इस सप्ताह 21 फीसदी विद्यार्थियों की भागीदारी के साथ शिमला सबसे पीछे रहा। 80 फीसदी भागीदारी के साथ कांगड़ा दूसरे और 76 फीसदी के साथ बिलासपुर तीसरे स्थान पर रहा है।