ऐतिहासिक और सामरिक दृष्टि से अति महत्वपूर्ण अटल टनल रोहतांग देश को समर्पित कर दी गई है लेकिन सूबे में इस टनल को लेकर राजनीति लगातार गर्मा रही है। टनल से सोनिया गांधी के नाम की शिलान्यास पट्टिका गायब होने और नामकरण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर होने से कांग्रेस सड़क पर उतर आई है। वीरवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने अध्यक्ष बीएस ठाकुर की अध्यक्षता में धरना-प्रदर्शन किया।
इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर भी मौजूद रहे और उपायुक्त कुल्लू के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भी भेजा गया। राठौर ने प्रदेश सरकार को चेतावनी दी कि दिवाली तक सोनिया गांधी की शिलान्यास पट्टिका न लगाई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। राठौर ने कहा कि अटल के नाम रोहतांग टनल को नामकरण पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि जब अटल बिहारी वाजपेयी का टनल निर्माण में कोई भी योगदान नहीं है तो उन पर टनल का नाम रखना ठीक नहीं है।
उन्होंने कहा कि अटल ने सिर्फ टनल के साउथ पोर्टल तक जाने वाली सड़क बनाई है। टनल को इंदिरा गांधी के नाम रखा जाता, जिनका इसमें पूरा योगदान है। प्रधानमंत्री मोदी ने टनल का उद्घाटन किया है मगर उन्होंने इंदिरा गांधी, सोनिया गांधी के साथ मनमोहन सिंह का नाम तक नहीं लिया। मोदी सरकार आने तक टनल का आधा निर्माण कार्य यूपीए सरकार कर चुकी थी।
हमने अंग्रेजों का भगाया - तुम किस खेत की मूली
राठौर ने कहा कि पट्टिका गायब होने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पट्टिका सुरक्षित बीआरओ के स्टोर में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिद्धांतवादी पार्टी है। भाजपा सब्र की परीक्षा न ले। हमने अंग्रेजों को भगाया है - तुम किस खेत की मूली हो। उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज किया कि उन्हें रोहतांग टनल के इतिहास की जानकारी नहीं है।
उन्हें जानकारी अधूूरी है या फिर मोदी से डरते हैं। राठौर यहीं नहीं रुके - उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्थानीय मोदी से कम नहीं हैं। राठौर ने कहा कि कोरोनाकाल में प्रदेश सरकार गाड़ियां खरीदने में व्यस्त है और आम लोगों को निचोड़ने का काम कर रही है। बस किराया से लेकर बिजली, पानी के रेट बढ़ा दिए हैं।
विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की गूंगी-बहरी सरकार जाग जाए, नहीं तो कांग्रेस जगाएगी। जिला अध्यक्ष बीएस ठाकुर ने कहा कि शुक्रवार सुबह से डीसी कार्यालय के बाहर सुबह दस बजे से धरना शुरू होगा। अगर पट्टिका नहीं लगी तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी।