पहली मई से दिल्ली और पंजाब को तपती गर्मी से हिमाचल प्रदेश की बिजली राहत देगी। दोनों राज्यों को 535 मिलियन यूनिट बिजली सप्लाई देने का करार हो गया है। मई से अक्तूबर के पहले हफ्ते तक बैंकिंग पर इन राज्यों को बिजली सप्लाई दी जाएगी। प्रदेश सर्दियों के मौसम में नवंबर, 2021 से मार्च, 2022 तक 7.50 फीसदी अधिक बिजली इन राज्यों से वापस लेगा।
मैदानी राज्यों को आगामी छह माह के दौरान प्रदेश की ओर से 24 घंटे बिजली सप्लाई दी जाएगी। सर्दियों के दौरान हिमाचल प्रदेश इन राज्यों से सिर्फ दिन के समय बिजली वापस लेगा।
गर्मियों के दौरान प्रदेश में बिजली की बहुत अधिक मांग नहीं होती है। ऐसे में सरप्लस बिजली हर वर्ष बैंकिंग के तहत पड़ोसी राज्यों को दी जाती है। गर्मियों में दी गई इस बिजली को बर्फबारी के सीजन के दौरान बिजली उत्पादन घटने के समय वापस लिया जाता है।
इस वर्ष राज्य बिजली बोर्ड ने बैंकिंग के लिए बीआरपीएल दिल्ली और पंजाब के साथ करार किया है। प्रदेश की ओर से दिल्ली, पंजाब को पहले बिजली दी जा रही है, ऐसे में वापसी के समय प्रदेश को दोनों राज्यों से साढ़े सात फीसदी अधिक बिजली मिलेगी।
बीआरपीएल दिल्ली और पंजाब की ओर से यह अतिरिक्त बिजली सप्लाई प्रीमियम के तौर पर हिमाचल प्रदेश को लौटाई जाएगी। ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने बताया कि हर वर्ष बैंकिंग के लिए करार किया जाता है। इस बार दिल्ली और पंजाब को गर्मियों में दी गई बिजली सर्दियों में वापस ली जाएगी।
किसको कितनी दी जाएगी बिजली सप्लाई
बीआरपीएल दिल्ली को 500 मिलियन यूनिट
पंजाब को 35 मिलियन यूनिट