बॉलीवुड फिल्मों के खलनायक आशीष विद्यार्थी इन दिनों सुबाथू में गोरखा फूड कॉर्नर में मोमोज के स्वाद के मुरीद होने लगे हैं। बुधवार देर शाम को आशीष विद्यार्थी ने सुबाथू 14 जीटीसी के गोरखा फूड कॉर्नर में परिवार और मित्रों के साथ चाय की चुस्कियों के साथ मोमोज का स्वाद चखा। बॉलीवुड स्टार के आने की खबर लगते ही उनके प्रशंसक भी पहुंच गए।
उन्होंने आशीष विद्यार्थी के साथ सेल्फी लेना शुरू कर दिया। आशीष ने भी अपने चाहने वालों को नाराज नहीं किया। उन्होंने सेना के जवानों के साथ भी खूब सेल्फी लीं। उनके साथ माचिस फिल्म के प्रसिद्ध गीत चप्पा चप्पा चरखा चले में किरदार निभा चुके सुनील सिन्हा भी मौजूद थे, लेकिन लोगों ने उन्हें नहीं पहचाना।
आशीष विद्यार्थी ने बताया कि वे धर्मपुर सुबाथू मार्ग पर अपने दोस्त सुनील सिन्हा के घर आए हैं। गोरखा फूड कॉर्नर के संचालक नवीन थापा ने बताया कि बॉलीवुड स्टार आशीष विद्यार्थी पहले भी उनके फूड कॉर्नर में आ चुके हैं। बुधवार को भी उन्होंने अपने परिवार के साथ चाय के बाद मोमोज का स्वाद चखा है।