रामशहर की बहेड़ी पंचायत में जमीन में धंसा मकान
सोलन जिले की रामशहर तहसील के तहत ग्राम पंचायत बहेड़ी के गांव नेरन में बारिश के चलते एक रिहायशी मकान जमीन में समा गया। यह मकान शंकर कुमार पुत्र बुधराम का था। यहां पर अचानक जमीन बैठ गई और मकान जमीन के अंधर धंस गया। हैरत की बात है कि इसमें छत को कोई नुकसान नहीं हुआ और यह वैसा ही बैठ गया। पंचायत प्रधान किशन चंद ने बताया कि इसमें कोई जानी नुकसान नहीं हुआ क्योंकि खतरा भांपते हुए पहले ही खाली करवा दिया था।
धर्मपुर के बठोल में भूस्खलन, तीन घरों में आईं दरारें, करवाए खाली
सोलन जिले के धर्मपुर में बारिश के बाद बठोल गांव में भूस्खलन होने से तीन घरों में दरारें आ गईं । एहतियातन घरों को खाली करवा दिया गया है। यहां पर लगातार भूमि कटाव हो रहा है। इससे पूरे गांव को खतरा मंडराया हुआ है। लोगों के खेतों में भी गहरी दरारें पड़ गई हैं। धर्मपुर पंचायत के उप प्रधान अजय गरचा ने माैके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया।