11 साल में मोदी सरकार से हिमाचल को मिले 54,662 करोड़ : अनुराग
पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश को पिछले 11 वर्षों में केंद्र की मोदी सरकार से 54,662 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता मिली है। विकसित भारत महायज्ञ में सिर्फ हिमाचल नहीं बल्कि समस्त हिमालयी राज्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है। अनुराग सिंह ठाकुर शनिवार को दिल्ली के कंस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में हिमालयी राज्यों से जुड़े एक कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विगत 11 वर्षों में मोदी सरकार ने भारत की विकास यात्रा को नई गति देने व विश्वपटल पर एक नये भारत की छवि निर्माण का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। हम इस संकल्प की दिशा में काफी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
विकसित भारत के इस महायज्ञ में हिमालय के राज्यों की बड़ी भूमिका होने वाले है जिसके लिए हमें तैयार रहना होगा। हिमालय की बात वही समझ सकता है, जिसने हिमालय को समझा हो, जिसने हिमालय की दिव्यता और आध्यात्मिकता का अनुभव किया हो। आज की तारीख में भारतीय राजनीति में जिस व्यक्ति ने हिमालय में आत्म प्रयोग किया और हिमालय को समझा वह और कोई नहीं देश के प्रधानमंत्री हैं। 2014 में प्रधानमंत्री पद का दायित्व संभालने के कुछ ही महीने के बाद हिमालयी राज्याें के लिए अलग विशेष विकास नीति की बात की थी। अब इंस्पिरेशनल हिमालय के साथ-साथ एस्पिरेशनल हिमालय की भी बात करनी है।