फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल में आफत की बारिश: चंबा में कई इलाकों में मलबा घुसा; कांगड़ा में ट्रक गिरा; तस्वीरों में देखें हाल

Tue, 28 Jul 2026 12:21 PM IST
Ankesh Dogra न्यूज डेस्क, अमर उजाला नेटवर्क, शिमला

सार

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। चंबा, शिमला, मंडी, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर में भूस्खलन, फ्लैश फ्लड, जलभराव और सड़कें बंद होने की घटनाएं सामने आई हैं। कई घरों और वाहनों को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। कहां कितना नुकसान जानें विस्तार से...
विज्ञापन
1 of 8
चंबा में घरों में घुसा मलबा। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

हिमाचल प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। लगातार हो रही भारी बारिश से राज्य के कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। चंबा, शिमला, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन, कुल्लू और अन्य क्षेत्रों में भूस्खलन, नालों के उफान और जलभराव की घटनाएं सामने आई हैं। कई संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं, जबकि घरों, दुकानों और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।

विज्ञापन

2 of 8
चंबा में मलबे में दबा ट्रक। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

चंबा जिले में सबसे अधिक असर देखने को मिला, जहां कई इलाकों में मलबा घरों और दुकानों में घुस गया। 12 से अधिक वाहन मलबे में दब गए और कई परिवारों को एहतियात के तौर पर अपने घर खाली करने पड़े। भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी कई स्थानों पर यातायात प्रभावित रहा।

विज्ञापन

3 of 8
लिफ्ट के पास फिर हुआ कार्ट रोड पर भूस्खलन - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
राजधानी शिमला में लगातार बारिश के बीच भूस्खलन की घटनाओं से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। लिफ्ट क्षेत्र के पास कार्ट रोड पर मलबा आने के कारण बसों की आवाजाही रोकनी पड़ी, जबकि कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया।

चंबा में एक परिवार के पांच लोगों की गई जान

4 of 8
दुर्घटनाग्रस्त कार। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
चंबा जिले में भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाहड़ के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। देर रात एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय लोगों और राहत-बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर अभियान चलाया, लेकिन कार में सवार सभी लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परिवार बच्ची का इलाज कराकर वापस लौट रहा था।
विज्ञापन

कांगड़ा में गेहूं से लदा ट्रक पुल से खड्ड में गिरा, दो लोगों की मौत

5 of 8
दुर्घटनाग्रस्त ट्रक। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

कांगड़ा जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में गेहूं से लदा ट्रक 53 मील पुल से नीचे खड्ड में जा गिरा। हादसे में ट्रक में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक दुर्घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ट्रक पंजाब से गेहूं लेकर पालमपुर की ओर जा रहा था। देर रात 53 मील पुल के पास अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए गहरी खड्ड में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

विज्ञापन

चंबा में मलबा हटाते समय गहरी ढलान में गिरी जेसीबी, चालक ने छलांग लगाकर बचाई जान

6 of 8
ढलान में गिरी जेसीबी मशीन। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित भट्ठी नाला में मंगलवार को मलबा हटाने के दौरान एक जेसीबी मशीन अचानक असंतुलित होकर गहरी ढलान में जा गिरी। हादसे के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते जेसीबी से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया।



घटना के बाद कुछ समय के लिए मलबा हटाने और सड़क बहाली का कार्य रोकना पड़ा। बाद में संबंधित विभाग ने मौके पर दूसरी जेसीबी मशीन पहुंचाई और दुर्घटनाग्रस्त मशीन को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के कारण भट्ठी नाला में बार-बार मलबा आने से हाईवे बहाल करने का कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। प्रशासन और संबंधित विभाग की टीमें लगातार सड़क से मलबा हटाकर यातायात जल्द से जल्द सामान्य करने में जुटी हैं, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
विज्ञापन

भट्ठाकुफर-चमियाना अस्पताल रोड पर गिरा पेड़, आवाजाही ठप

7 of 8
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
भट्ठाकुफर-सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना सड़क पर पेड़ गिरने से आवाजाही ठप हो गई है। इससे मरीज व तीमारदार पैदल अस्पताल पहुंचने पर मंजूर हो गए है। बुजुर्गों को अस्पताल पहुंचने में ज्यादा दिक्कत आ रही है।
विज्ञापन

8 of 8
उफनते नाले में बह गई कार, एक ही परिवार के चार लोगों ने कूदकर बचाई जान - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
ऊना जिले के अंब उपमंडल में सोमवार सुबह भारी बारिश के कारण बड़ा हादसा टल गया। टकारला पंचायत के सादा दा चौ नाले में अचानक जलस्तर बढ़ने से एक कार तेज बहाव में बह गई। कार में एक ही परिवार के चार सदस्य सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार परिवार नाले को पार करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान पानी का बहाव अचानक तेज हो गया और कार उसकी चपेट में आ गई। स्थिति बिगड़ती देख कार में सवार सभी लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। कुछ ही क्षणों में कार तेज बहाव के साथ बह गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने बरसात के मौसम में उफनते नालों और खड्डों को पार करने से बचने की अपील की है। प्रशासन भी लगातार लोगों को खराब मौसम के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों और तेज बहाव वाले नालों से दूर रहने की सलाह दे रहा है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें