बढ़ते कोरोना मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है कि कोविड के लक्षण दिखने पर लोग घरेलू नुसखों के चक्कर में न पड़ें और डॉक्टर से संपर्क करें। कोरोना टेस्ट कराएं और उससे बचाव के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन, भारत सरकार और प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी प्रोटोकॉल के अनुसार दवाएं लें। पिछले 15 दिनों में हिमाचल प्रदेश में पौने तीन गुना बढ़े मौत के आंकड़े कम करने के लिए अब स्वास्थ्य विभाग ने यह कवायद शुरू की है। अस्पतालों में गंभीर स्थिति में आ रहे मरीजों की मौत के मामलों में यह बात सामने आई है कि वह लक्षण होने के बाद भी घरेलू नुसखों के चलते अस्पताल आने से बचने की कोशिश कर रहे हैं।