हिमाचल प्रदेश कर्मचारी महासंघ ने जयराम सरकार और मुख्य सचिव रामसुभग सिंह से मांग की है कि कर्मचारियों की संयुक्त सलाहकार समिति (जेसीसी) की बैठक इसी महीने बुलाई जाए। उन्होंने कहा कि इस बैठक में अनुबंध कर्मचारियों को नियमित करने की अवधि तीन से घटाकर दो साल की जाए। अनुबंध कर्मचारियों को नियमितीकरण का लाभ भी 30 सितंबर के बाद नियमित कर एक अक्तूबर से दिया जाए। यह मामला जेसीसी की बैठक के लिए प्रस्तावित एजेंडों में से एक है। इसी एजेंडे के तहत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमित करने की अवधि भी पांच से घटाकर तीन साल की जाए।
इससे कर्मचारी शोषित नहीं होंगे। हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष अश्वनी ठाकुर का कहना है कि वे उम्मीद कर रहे हैं कि जेसीसी की बैठक 30 सितंबर से पहले ही होगी। उन्होंने कहा कि इस बारे में सरकार से मांग की गई है। अनुबंध और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का दो और तीन साल में नियमितीकरण भी सितंबर महीने से ही किया जाए। अभी यह तीन और पांच साल बाद हो रहा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बजट घोषणा में भी इस संबंध में आश्वस्त किया है।