प्रदेश में बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए सरकार गंभीर हो गई है। कई सालों से लंबित 46 बिजली प्रोजेक्ट शुरू करने के लिए शुक्रवार को ऊर्जा महकमे के अधिकारी बिजली उत्पादकों के साथ बैठक करेंगे। शनिवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा उत्पादकों के साथ चर्चा करेंगे।
ऊर्जा निदेशालय के अनुसार 6 से 429 मेगावाट के 46 बिजली प्रोजेक्टों पर अलॉट होने के बाद भी काम शुरू नहीं हो रहा है। तकनीकी और वित्तीय कारणों के चलते और विभिन्न मंजूरियां नहीं मिलने से यह प्रोजेक्ट शुरू नहीं हो पा रहे हैं।
इसके अलावा 25 बिजली प्रोजेक्ट लगाने के लिए निवेशक आगे नहीं आ रहे हैं। वीरवार को ऊर्जा निदेशालय में 28 बिजली प्रोजेक्टों की बिड खुली, इसमें सिर्फ तीन प्रोजेक्टों के लिए निवेशक सामने आए। 25 प्रोजेक्ट अभी भी अवार्ड होने के इंतजार में फंसे हैं।
बिजली उत्पादकों की बेरुखी के चलते प्रदेश में बिजली उत्पादन बढ़ नहीं पा रहा है। ऐसे में अब राज्य सरकार ने उत्पादकों के साथ बैठकर समस्या का हल निकालने का फैसला लिया है।
इसी कड़ी में शुक्रवार और शनिवार को बैठके होने जा रही है। बोनोफाइड हिमाचली हाइड्रो पावर डेवलेपर्स और हिमालय पावर प्रोडूयसर एसोसिएशन की ओर से ऊर्जा निदेशालय के सहयोग से बैठकों का आयोजन होगा।