वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने बताया कि राज्य के कुछ भागों में बंदरों को वर्मिन घोषित करने के बाद सरकार ने बंदरों को पकड़ने या मारने पर दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि में बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्र से बाहर बंदरों को मारने की राशि को मौजूदा 300 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये प्रति बंदर करने का फैसला लिया गया है।
प्रति बंदर नसबंदी की राशि को 500 रुपये से बढ़ाकर 700 रुपये किया गया है। क्षेत्र विशेष में बंदरों की टोली में से 80 प्रतिशत बंदरों को पकड़ने पर प्रति बंदर 1000 रुपये दिए जाएंगे। वन मंत्री ने कहा कि वर्मिन घोषित तहसीलों में पंचायत स्तर पर गठित ग्रामीण वन विकास और संयुक्त वन प्रबंधन समितियों को बंदरों की समस्या पर कार्यशाला आयोजित करने के लिए 1000 रुपये दिए जाएंगे।