किस जिले में कितने स्कूल बंद किए
शिक्षा सचिव की ओर से अधिसूचना के अनुसार 19 सरकारी प्राथमिक स्कूलों में शिमला जिले के टिक्कर, कुमारसैन, ठियोग, सराहन बुशहर, नेरवा, कुपवी, रामपुर, सुन्नी, रंसर, जुब्बल और छौहारा शिक्षा खंड के स्कूल शामिल हैं। सिरमौर जिले के राजगढ़, नारग और सुरला ब्लॉक के स्कूल हैं, जबकि सोलन के कंडाघाट ब्लॉक का एक स्कूल भी बंद किया गया है। पांच मिडल स्कूलों में शिमला के सराहन बुशहर ब्लॉक का एक स्कूल, लाहौल-स्पीति के उदयपुर और केलांग क्षेत्र के चार स्कूल शामिल हैं।
शिक्षा सचिव ने ये कहा
शिक्षा सचिव राकेश कंवर ने बताया कि इन स्कूलों में लंबे समय से एक भी छात्र नामांकित नहीं है, ऐसे में इन स्कूलों को बंद किया गया है। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि इन स्कूलों के शिक्षकों, गैर-शिक्षण स्टाफ, भवन, रिकॉर्ड और अन्य सामग्री का स्थानांतरण पहले से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाएगा।