हिमाचल में किन्नौर, लाहौल स्पीति, चंबा, शिमला, सिरमौर, मंडी, कांगड़ा और कुल्लू जिला के दूरदराज के क्षेत्रों में 20 से कम विद्यार्थियों की संख्या वाले 5500 स्कूलों को खोलने की तैयारी है। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने विभाग से इन स्कूलों की रिपोर्ट मांगी है। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बताया कि इन स्कूलों में सामाजिक दूरी का पालन करवाना आसान होगा। अभी सभी विकल्पों पर विचार चल रहा है। विद्यार्थियों की अधिक संख्या वाले स्कूलों को खोलने के लिए अलग योजना बनाई जा रही है। कक्षावार स्कूल खोले जा सकते हैं। ऑड-ईवन रोल नंबर के आधार पर बच्चे बुलाए जा सकते हैं। कक्षाओं को सुबह और शाम की शिफ्ट में खोल सकते हैं। केंद्र सरकार के निर्देशों और हालात को देखते हुए ही आगामी फैसला लिया जाएगा।
जून में भी स्कूल बंद रहे तो रेडियो से भी होगी पढ़ाई
जून में भी अगर स्कूल नहीं खुलते हैं तो नवीं से जमा दो कक्षा के विद्यार्थियों की दूरदर्शन के साथ रेडियो से भी पढ़ाई शुरू करवाई जाएगी। ऑल इंडिया रेडियो और एफएम शिमला शिक्षा विभाग को एक-एक घंटे के दो स्लॉट देने को तैयार है। रेडियो से पढ़ाई करवाने के लिए विभाग ने कंटेंट भी तैयार कर लिया है। पूर्व की तरह व्हाट्सऐप ग्रुप और एसएमएस से भी पढ़ाई जारी रहेगी। दूरदर्शन पर भी रोजाना सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक क्लास लगाई जाएगी।