हिमाचल बिजली बोर्ड (सांकेतिक तस्वीर)।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
राज्य बिजली बोर्ड के कर्मचारियों की वरिष्ठता अब नए सिरे से तय की जाएगी और इसमें उनका अनुबंध सेवाकाल भी जुड़ेगा। हाईकोर्ट के फैसले को लागू करने के लिए बोर्ड प्रबंधन ने सभी मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं और नियुक्ति प्राधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
निर्देशों के अनुसार, पहले अनुबंध सेवाकाल जोड़कर अस्थायी वरिष्ठता सूची बनेगी और आपत्तियों के निपटारे के बाद अंतिम सूची जारी होगी। इसके आधार पर नई विभागीय पदोन्नति समितियों (डीपीसी) की बैठकें होंगी, जबकि वरिष्ठता में बदलाव वाले पुराने मामलों में समीक्षा डीपीसी की जाएगी। हाईकोर्ट ने 25 अप्रैल, 2026 को देविंद्र कुमार मामले में भर्ती एवं सेवा शर्तें अधिनियम, 2024 रद्द किया था और 29 जुलाई, 2026 को सुप्रीम कोर्ट से सरकार की याचिका खारिज होने के बाद इस फैसले को लागू करने का रास्ता साफ हुआ।
डीपीसी की मंजूरी के बाद वित्तीय लाभों का आकलन होगा, लेकिन अंतिम आदेश से पहले मामलों को बोर्ड सचिवालय के जरिये प्रशासनिक विभाग की मंजूरी के लिए भेजना अनिवार्य होगा। पहले पदोन्नत कर्मचारियों को वास्तविक कार्यभार संभालने की तारीख से और नए पदोन्नत कर्मचारियों को आदेश या कार्यभार संभालने की तारीख से लाभ मिलेगा। संशोधित सूची में नीचे आने वाले पूर्व पदोन्नत कर्मियों की पिछली डीपीसी की समीक्षा कर उपलब्ध रिक्तियों के अनुसार लाभ दिया जाएगा।
अतिरिक्त पद सृजित नहीं होंगे
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस प्रक्रिया में कोई अतिरिक्त पद सृजित नहीं होगा और वित्तीय लाभ सामान्यतः नोशनल आधार पर मिलेंगे। हालांकि, जहां अदालत ने पात्रता की तारीख से वास्तविक लाभ देने के निर्देश दिए हैं, वहां उन्हीं का पालन होगा। बोर्ड प्रबंधन ने चेतावनी दी है कि अदालती आदेशों की अनुपालना में देरी या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सेवा नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।