भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता नलिन कोहली ने कहा कि हिमाचल में भाजपा डबल इंजन और कांग्रेस डबल परिवारवाद की ताकत से चुनाव लड़ रही है। एक ओर कांग्रेस का नकली वादों का मॉडल है और दूसरी तरफ भाजपा की सेवा, सम्मान तथा समर्पण की सरकार है। कोहली ने कहा कि केवल भाजपा ही स्वच्छ, स्पष्ट और निर्णायक नेतृत्व की सरकार दे सकती है, जिसमें एक तरफ केंद्र में मोदी सरकार है और प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सरकार है। संगठन में जगत प्रकाश नड्डा का सशक्त नेतृत्व है। कोहली ने बुधवार को शिमला में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। कहा कि भाजपा का हिमाचल में स्वच्छ और पारदर्शी नेतृत्व है। भाजपा दोबारा से सत्ता में आएगी। कहा कि जो सेवा भाव से सही हैं, उनको टिकट दिए गए हैं। प्रदेश में कोई व्यक्ति नहीं, संगठन चुनाव लड़ रहा है।
एक तरफ कांग्रेस रिवाज के भरोसे बैठी है कि हिमाचल में हर पांच वर्ष में सरकार बदलती हैं तो दूसरी तरफ भाजपा सरकार ने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। एक तरफ भाजपा की डबल इंजन की सरकार है और दूसरी तरफ कांग्रेस का डबल परिवारवाद है। पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी के आशीर्वाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के परिश्रम ने हिमाचल को नई ऊंचाइयों की ओर पहुंचाया है। प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा केंद्र सरकार ने दिया है। इसके तहत हर प्रोजेक्ट में 90 फीसदी राशि केंद्र सरकार वहन करती है और 10 प्रतिशत राज्य सरकार को देना है। इससे हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्यों में विकास की रफ्तार तीव्र हुई है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना से हिमाचल देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जहां हर घर में घरेलू गैस कनेक्शन पहुंच चुके हैं। यह डबल इंजन सरकार का विकास मॉडल है।