प्रदेश में शनिवार को ठंड ने सुबह मतदाताओं के कदम रोके रखे। दोपहर एक बजे के बाद ही लोग घरों से निकलना शुरू हुए। प्रदेश में 8:00 बजे से मतदान शुरू हो गया था। 11:00 बजे तक 68 विधानसभा क्षेत्रों में 17.68 फीसदी मतदान रहा। एक बजे तक यह 37 फीसदी तक पहुंचा। इसके बाद मतदान केंद्रों में लोगों की भीड़ उमड़नी शुरू हुई। तीन बजे तक यह आंकड़ा 55.35 फीसदी तक पहुंच गया। राज्य निर्वाचन विभाग के अनुसार एक से तीन बजे के बीच भोरंज विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर अन्य 67 विधानसभा क्षेत्रों में 50 फीसदी से ज्यादा मतदान हुआ है।
जिला मंडी के सराज विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 70 फीसदी मतदान हुआ। यहां से भाजपा के प्रत्याशी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जबकि कांग्रेस ने चेतराम को प्रत्याशी बनाया है। इसके साथ ही जिला हमीरपुर के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में 65 फीसदी, जिला सिरमौर के रेणुका और जिला शिमला के जुब्बल कोटखाई में 64-64 फीसदी, पच्छाद में 63, मंडी जिले के सुंदरनगर और जिला सोलन के कसौली में 60 फीसदी मतदान हुआ। जिला हमीरपुर के भोरंज विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 45 फीसदी ही मतदान हुआ।