हिमाचल उच्च शिक्षा निदेशालय में काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर निदेशालय की ही अन्य शाखाओं में आने-जाने पर रोक लगा दी गई है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने यह एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने कहा कि निदेशालय के किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को किसी अन्य शाखा में कार्य है तो वे वहां फोन कर सकते हैं। आगामी आदेशों तक एक-दूसरे की शाखाओं में जाने पर पूर्ण पाबंदी रहेगी। अगर किसी ने आदेशों की अनदेखी की तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित उनके कार्यालय के कई अधिकारियों के होम क्वारंटीन होने के बाद अन्य महकमों ने भी एहतियात बरतना शुरू कर दिया है। सचिवालय के बाद शिक्षा निदेशालय ही ऐसा दूसरा सबसे बड़ा महकमा है जहां रोजाना सैकड़ों की तादाद में बाहरी लोगों का आना-जाना लगा रहता है। कई शिक्षक जहां तबादलों के चक्कर में आते हैं वहीं, गैर शिक्षक बजट सहित अन्य मंजूरियों को लेकर निदेशालय आते हैं। वीरवार को प्रदेश के सभी शिक्षकों और गैर शिक्षकों के स्टेशन छोड़ने पर रोक लगाने और निदेशालय नहीं आने के आदेश जारी किए गए थे। इसी कड़ी में अब निदेशालय ने अपने स्टाफ पर लगाम कस दी है। सभी को अगले आदेशों तक अन्य शाखाओं में नहीं जाने को कहा गया है। इसके अलावा बाहरी लोगों के भी निदेशालय में आने पर पूर्ण रोक लगा दी गई है।