दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला के बीच इसी माह विमान सेवा बहाल हो सकती है। प्रधान सचिव पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन ने इसे लेकर पर्यटन विभाग को जरूरी औपचारिकताएं तुरंत पूरी करने के निर्देश दिए हैं। पर्यटन विभाग ने सेवा शुरू करने के लिए एलायंस एयर के साथ समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित करने की प्रक्रिया शुरू कर एलायंस एयर से प्रस्ताव मांगा है। विमान सेवा को पुनः बहाल करने के लिए सचिव पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन देवेश कुमार की अध्यक्षता में सचिवालय में बैठक की गई। बैठक में निदेशक पर्यटन विभाग विवेक भाटिया और पर्यटन विभाग के अतिरिक्त निदेशक ने भाग लिया। बैठक में सेवा पुनः बहाल करने पर चर्चा की गई। यह विमान सेवा गत 1 नवंबर से बंद है। इस सेवा के लिए एलायंस एयर और प्रदेश सरकार के बीच तीन साल का अनुबंध हुआ था जिसकी अवधि खत्म होने के बाद कंपनी ने सेवाएं बंद कर दी हैं।