दिसंबर में इन कूपनों के वितरण का कार्यक्रम प्रस्तावित है। योजना के तहत दसवीं और बारहवीं कक्षा के राज्य स्तरीय टॉपर विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स खरीदने के लिए कूपन दिए जाएंगे। इनमें अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के मेधावियों को प्राथमिकता दी जाएगी। स्कूल शिक्षा निदेशालय को सभी सरकारी स्कूलों से नए सिरे से सूची तैयार करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
संशोधित पात्रता मानदंड के अनुसार, केवल वे छात्र शामिल होंगे, जिन्होंने सरकारी स्कूलों में नियमित तौर पर अध्ययन किया है और राज्य बोर्ड की परीक्षा में सर्वोच्च अंक हासिल किए हैं। स्कूल और कॉलेजों में पढ़ने वाले मेधावियों को राज्य सरकार लैपटाॅप और टैबलेट देगी। मेधावियों को 16-16 हजार रुपये के कूपन दिए जाएंगे। अधिक कीमत के गैजेट्स खरीदने की भी इन्हें छूट रहेगी। पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों को खरीद करने के लिए आवेदन करना होगा। चयनित कंपनियां स्वयं खुद कोरियर के माध्यम से सामान को घर छोड़कर जाएंगी।
राज्य इलेक्ट्रानिक्स काॅरपोरेशन ने इस बाबत प्रक्रिया पूरी कर ली है। काॅरपोरेशन के माध्यम से गैजेट्स की कॉन्फ़िगरेशन तय की गई है। काॅरपोरेशन ने कई कंपनियों को इसके तहत चयनित किया है। योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आवेदन करने को एक पोर्टल भी तैयार किया है। इस पोर्टल पर अपनी जानकारी अपलोड करने के बाद मेधावी अपनी पसंद के किसी एक गैजेट को चुन सकेंगे।