हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को तीन और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई। इनमें हमीरपुर की 75 और 57 वर्षीय दो महिलाओं, जबकि खिमला की 56 वर्षीय संक्रमित महिला ने दम तोड़ दिया। उधर, प्रदेश में 65 विद्यार्थियों समेत 253 लोगों के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि, प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कोरोना संक्रमित होने वाले विद्यार्थियों की संख्या में शुक्रवार को कमी आई है। शुक्रवार को कांगड़ा जिले में सबसे अधिक 59 बच्चे कोरोना पॉजिटिव आए हैं।
ये भी पढ़ें:
शादी के नाम पर ठगी: बरात लेकर पहुंचा दूल्हा बैरंग लौटा, पुलिस थाना में एफआईआर दर्ज
इनमें से 52 विद्यार्थी हैं। इसके अलावा हमीरपुर-ऊना पांच-पांच और बिलासपुर में तीन विद्यार्थी पॉजिटिव आए हैं। प्रदेश में कोरोना संक्रमित विद्यार्थियों का कुल आंकड़ा 443 पहुंच गया है। इसमें 379 मामले अभी सक्रिय हैं। उधर, शुक्रवार को आठवीं से 12वीं कक्षा में 61 फीसदी विद्यार्थियों ने हाजिरी दर्ज करवाई। आठवीं कक्षा में शुक्रवार को 58 फीसदी, नौवीं में 62, दसवीं में 63, 11वीं में 59 और 12वीं कक्षा में 61 फीसदी विद्यार्थी स्कूलों में आए। चंबा में एमबीबीएस के पांच प्रशिक्षु भी पॉजिटिव आए हैं।
कहां कितने कोरोना सक्रिय मामले
प्रदेश में कोरोना मृतकों का आंकड़ा 3732 पहुंच गया है। प्रदेश में अब तक कोरोना के 223876 मामले आ चुके हैं। इनमें से 218150 ठीक हो चुके हैं। कोरोना सक्रिय मामले 1978 हो गए हैं। इसमें से बिलासपुर जिले में 155, चंबा 31, हमीरपुर 366, कांगड़ा 855, किन्नौर चार, कुल्लू 40, लाहौल-स्पीति शून्य, मंडी 173, शिमला 113, सिरमौर एक, सोलन 30 और ऊना में 210 सक्रिय मामले हैं। बीते 24 घंटों के दौरान 232 मरीज ठीक हुए हैं और कोरोना की जांच के लिए 9904 लोगों के सैंपल लिए गए।
मंडी में 43 कोरोना संक्रमित करेंगे मतदान
मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी डॉ. देवेंद्र शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को मंडी जिला के 11 स्वास्थ्य खंडों में कोरोना संक्रमण के 175 सक्रिय मामले हैं। जिनमें से नौ मेकशिफ्ट कोविड अस्पताल नेरचौक में, तीन डीसीएचसी खलियार में और 163 होम आइसोलेशन में हैं। बताया कि होम आइसोलेशन मरीजों में से 43 मरीज अपना वोट डालने को तैयार हैं। जिसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से उनके लिए व्यवस्था की गई है। कहा कि पूरे कोविड प्रोटोकाल अपना कर 43 मरीज स्वेच्छा से मतदान में भाग ले रहे हैं। जो लोग मतदान केंद्र तक नहीं पहुंच सकते उनके लिए प्रशासन व विभाग द्वारा सुविधा प्रदान की जाएगी।