प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजीव शुक्ला ने पार्टी नेताओं से कहा कि वे मिशन-2022 में सत्ता हासिल करने का संकल्प लें। शुक्ला ने गुरुवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में विधायकों और पदाधिकारियों की बैठक ली। कहा कि कांग्रेस को सत्ता पर लाने से पहले पार्टी की रणनीति, थिंक टैंक और कार्ययोजना कमेटियां शीघ्र बनाई जाएंगी। शुक्ला ने प्रदेश में नए सिरे से सदस्यता अभियान चलाने और असल सदस्य बनाने को कहा।
बूथ कमेटियां बनाने के निर्देश भी दिए। सेवादल, महिला कांग्रेस, इंटक, युकां और एनएसयूआई को पार्टी के साथ चलकर लक्ष्य हासिल करने को कहा। इन संगठनों को अपने स्तर पर अलग-अलग कार्यक्रम नहीं करने हैं। बैठक में पार्टी नेताओं ने प्रदेश युवा कांग्रेस के 16 लाख सदस्य बनने पर भी सवाल उठाए। कहा कि अगर इतने सदस्य हैं तो फिर लोकसभा चुनाव में वोट क्यों नहीं पड़े।
विद्या स्टोक्स से मिले शुक्ला
राजीव शुक्ला बैठक के बाद पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता विद्या स्टोक्स से उनके निजी आवास में मिले। उनके साथ प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर और पूर्व अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू भी थे। जलपान करने के बाद शुक्ला पीटरहॉफ लौटे।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा है कि कांग्रेस के नेता राजीव शुक्ला अपनी पार्टी की चिंता करें। प्रदेश और केंद्र में जिस तरह से भाजपा सरकारें काम कर रही हैं। उससे भाजपा का सत्ता में आना फिर से तय है। कांग्रेस पार्टी ने देश की जनता के साथ धोखा किया है और अपने इतने लंबे शासनकाल में जनहित के कोई कार्य धरातल पर नहीं उतारे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की एक परिवार का गुलाम बन कर रह गई है। कश्यप ने कहा कि राजीव शुक्ला भूल गए हैं कि किस प्रकार से कांग्रेस ने अपने शासनकाल में घोटाले किए थे। कोलगेट घोटाला, टू-जी घोटाला, कॉमनवेल्थ गेम्स में घोटाला और अन्य बड़े-बड़े घोटाले कांग्रेस पार्टी के कार्यकाल में हुए थे।