हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक 22 जुलाई को दोपहर 3:00 बजे राज्य मुख्य अतिथि गृह पीटरहॉफ में प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में दसवीं और बारहवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को शिक्षकों के परामर्श के लिए स्कूल आने की छूट मिल सकती है। कोचिंग सेंटरों को खोलने और शिक्षा, स्वास्थ्य विभागों में 4000 से ज्यादा पदों को भरने पर भी मंथन होगा। कोरोना की तीसरी लहर से निपटने की तैयारियों की समीक्षा भी की जाएगी। दो अगस्त से प्रस्तावित विधानसभा के मानसून सत्र में पेश किए जाने वाले विधेयकों के ड्राफ्ट पर भी चर्चा होगी। उधर, केंद्रीय सड़क एवं आधारभूत ढांचा फंड (सीआरआईएफ) में केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के लिए 99.69 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। यह धनराशि वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए पहली किस्त के रूप में जारी की गई है। केंद्रीय सड़क परिवहन और उच्च मंत्रालय ने इस संबंध में हिमाचल सरकार को एक पत्र जारी किया है।
बारिश से हुए नुकसान को लेकर रिपोर्ट तलब
वहीं, प्रदेश में भारी बारिश से हुए नुकसान को लेकर भी कैबिनेट में चर्चा हो सकती है। प्रदेश के विभिन्न भागों में भारी बारिश से घरों समेत बिजली व पेयजल स्कीमों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा कई लोगों की जान भी गई है। भारी बारिश से मक्की और सब्जियों को नुकसान होने की सूचना है। कृषि विभाग ने कृषि फसलों के नुकसान को लेकर रिपोर्ट तलब की है। राज्य के कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक नरेंद्र कुमार धीमान ने कहा कि बारिश से मक्की और सब्जियों को नुकसान हुआ है, जबकि धान की फसल के लिए बारिश अच्छी है। कृषि विभाग ने फील्ड से कृषि फसलों के नुकसान की रिपोर्ट तलब की है। राज्य के बागवानी निदेशक जेपी शर्मा ने कहा कि लंबे समय बाद सेब और अन्य फलों को अच्छी बारिश मिल रही है। इससे सेब और अन्य फलों का आकार बढ़ने में मदद मिलेगी।