हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक 13 अप्रैल को शिमला स्थित प्रदेश सचिवालय के शिखर सम्मेलन हाल में आयोजित की जाएगी। मंत्रिमंडल की बैठक मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में अपराह्न 3:00 बजे होगी। इस बैठक में कई अहम निर्णय होंगे। मंत्रिमंडल बैठक में कर्मचारियों के लिए लंबित महंगाई भत्ते की किस्त जारी करने के बारे में चर्चा हो सकती है। मुख्यमंत्री सुक्खू 15 अप्रैल को काजा में प्रस्तावित राज्यस्तरीय हिमाचल दिवस समारोह में इसकी घोषणा कर सकते हैं।
विज्ञापन
हिमाचल दिवस के उपलक्ष्य पर प्रस्तावित कई अन्य घोषणाओं के संबंध में भी कैबिनेट की बैठक में मुहर लग सकती है। कैबिनेट की बैठक में ओपीएस के एसओपी पर भी चर्चा हो सकती है। प्रदेश के 1.36 लाख कर्मचारियों की नजरें पुरानी पेंशन देने के फार्मूले पर टिकी हुई हैं। बैठक में 31 मार्च को अनुबंध खत्म होने से बेरोजगार हो चुके आउटसोर्स कर्मियों को लेकर भी फैसला हो सकता है।