फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

HP BJP: जुब्बडहट्टी एयरपोर्ट के पास बनेगा हिमाचल भाजपा का नया मुख्यालय, 14 बीघा भूमि चयनित

Mon, 11 Aug 2025 11:57 AM IST
Krishan Singh अनिमेष कौशल, शिमला

सार

 12 साल से इस भवन के निर्माण के लिए भाजपा भूमि की तलाश कर रही थी। अब भूमि की खरीद कर सभी प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। 
विज्ञापन
जुब्बडहट्टी के पास बनेगा भाजपा मुख्यालय बनाने के लिए निर्माण कार्य शुरू। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय जनता पार्टी राज्य में अपना नया और अत्याधुनिक मुख्यालय भवन शिमला के जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट के पास बनाने जा रही है। इस भवन के लिए 14 बीघा भूमि का चयन कर लिया गया है। 12 साल से इस भवन के निर्माण के लिए भाजपा भूमि की तलाश कर रही थी। अब भूमि की खरीद कर सभी प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। भूमि भाजपा के नाम होते ही पहाड़ीनुमा क्षेत्र को समतल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। टुटू से नीचे स्थित बढ़ेहरी गांव के पास भवन का निर्माण होना है। वर्तमान में चक्कर में पार्टी मुख्यालय है। यहां वाहनों को पार्क करने की बड़ी समस्या है। भवन में भी मौजूद जरूरतों के हिसाब से कमी महसूस हो रही है। राजधानी शिमला में बनने वाला यह नया पार्टी मुख्यालय दिल्ली स्थित भाजपा केंद्रीय कार्यालय की तर्ज पर डिजाइन किया जा रहा है। दिल्ली में ही विशेषज्ञ आर्किटेक्ट्स भवन की ड्राइंग तैयार कर रहे हैष इसके निर्माण कार्य की निगरानी केंद्रीय नेताओं की सीधी देखरेख में की जाएगी।

विज्ञापन

 

Trending Videos

भाजपा नेताओं ने बताया कि यह भवन न केवल संगठनात्मक गतिविधियों का केंद्र होगा। हिमाचल में पार्टी की राजनीतिक मजबूती और स्थायित्व का भी प्रतीक बनेगा। नया मुख्यालय चार मंजिला भव्य इमारत के रूप में बनाया जाएगा। इसमें आधुनिक सभागार, डिजिटल मीटिंग रूम, प्रशिक्षण केंद्र और मीडिया रूम जैसी सुविधाएं होंगी। कार्यकर्ताओं और नेताओं के ठहरने के लिए आवासीय व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे बाहर से आने वाले पदाधिकारियों को कोई असुविधा न हो। भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक अलग चार मंजिला पार्किंग सुविधा भी विकसित की जाएगी, जिससे वाहन व्यवस्था सुव्यवस्थित रहे और यातायात पर कोई दबाव न पड़े। भाजपा के इस निर्णय को न सिर्फ संगठनात्मक दृष्टि से, बल्कि राजनीतिक दृष्टि से भी एक दूरगामी रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट के पास यह मुख्यालय बनने से राजधानी शिमला से निकटता तो बनी रहेगी, साथ ही ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक दृष्टि से भी यह स्थान उपयुक्त रहेगा।
विज्ञापन

भूमि पूजन के बहाने शक्ति प्रदर्शन की तैयारी
भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर पार्टी धार्मिक और परंपरागत पहलू को ध्यान में रख रही है। इसे राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी उपयोग करने की तैयारी है। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, विधायकों, सांसदों और राष्ट्रीय नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इस मौके पर प्रदेश भाजपा की गतिविधियों और प्रदेश सरकार की नाकामियों को भी जनता तक पहुंचाने की योजना है। इस रणनीति से पार्टी आगामी चुनावों के लिए मजबूत संदेश देने की तैयारी में है। जल्द ही भूमि पूजन की तारीख भी तय होने की संभावना है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें