बैठक में एक मंत्री से फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र का फीडबैक मांगा गया। मंत्री ने संभावित उम्मीदवार को बाहरी बता दिया। इस पर सौदान ने मंत्री को खूब फटकार लगाई।
मिशन 2022 से पहले उपचुनाव को सेमीफाइनल मैच मानकर चल रही भाजपा उपचुनाव के लिए हाईकमान के सर्वे को आधार बनाकर टिकट फाइनल कर सकती है। धर्मशाला में भाजपा प्रदेश चुनाव समिति की बैठक से पहले चुनाव प्रभारियों, सह प्रभारियों एवं समन्वयकों से फीडबैक के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह को यह राय दी गई है।
विज्ञापन
वहीं, बैठक में एक मंत्री से फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र का फीडबैक मांगा गया। मंत्री ने संभावित उम्मीदवार को बाहरी बता दिया। इस पर सौदान ने मंत्री को खूब फटकार लगाई। कहा कि आप लोग ही ऐसा कहेंगे तो फिर जीत संभव कैसे होगी। भाजपा के एक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस उपचुनाव में हार-जीत को न देख पार्टी को आदर्श स्थापित करना चाहिए। इस पर सौदान ने उन्हें साफ दिल का बताया। बैठक में गुटबाजी पर भी चर्चा की गई।
जुब्बल कोटखाई में चेतन बरागटा को टिकट देने के सुझाव के दौरान परिवारवाद का मुद्दा उठा। कहा गया कि हाईकमान से संदेश आया है कि परिवारवाद को जगह न दी जाए। बैठक के अंत में राय बनी कि सर्वे को टिकट का आधार बनाया जाए ताकि उपचुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित हो।