भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने बुधवार को विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए संगठनात्मक प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की घोषणा की। नई सूची में हिमाचल प्रदेश के प्रभारी के रूप में श्रीकांत शर्मा की जिम्मेदारी बरकरार रखी गई है, जबकि उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह को हिमाचल प्रदेश का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले की पच्छाद विधानसभा सीट से भाजपा विधायक रीना कश्यप को जम्मू-कश्मीर भाजपा का सह-प्रभारी बनाया गया है। जम्मू-कश्मीर में डॉ. सतीश पूनिया को प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
श्रीकांत शर्मा पर फिर जताया भरोसा
श्रीकांत शर्मा को एक बार फिर हिमाचल प्रदेश संगठन की जिम्मेदारी दी गई है। वे उत्तर प्रदेश की मथुरा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक हैं और उत्तर प्रदेश सरकार में ऊर्जा मंत्री भी रह चुके हैं। श्रीकांत शर्मा का भाजपा संगठन और मीडिया से जुड़े दायित्वों में भी अनुभव रहा है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान उन्हें हिमाचल प्रदेश का चुनाव प्रभारी बनाया गया था। बाद में उन्हें प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई।
दर्शना सिंह बनीं हिमाचल की सह-प्रभारी
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह को हिमाचल प्रदेश भाजपा का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनका राज्यसभा का पहला कार्यकाल 5 जुलाई 2022 से शुरू हुआ था।
दर्शना सिंह लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़ी रही हैं। उन्होंने वर्ष 2008 में सक्रिय राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने महिला मोर्चा और भाजपा संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं। वे भाजपा महिला मोर्चा की उत्तर प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं।