बिलासपुर जिले में दर्दनाक हादसा पेश आया है। एक नैनो कार अनियंत्रित होकर 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में बाप-बेटे की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। भराड़ी क्षेत्र के तहत आने वाले भ्योल गांव के पास यह हादसा हुआ।
भ्योल गांव के लेहरू राम (80) नैनो कार में अपने दोनों बेटों बलदेव राज व जगदेव राज के साथ बाड़ा-दा-घाट की ओर जा रहे थे। घर से 500 मीटर दूरी पर हिंबर मोड़ के पास ही पहुंचे थे कि कार अनियंत्रित होकर 200 फीट खाई में गिर गई।
हादसे में लेहरू राम व उनके बेटे बलदेव राज की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा बेटा जगदेव हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया जिसका हमीरपुर अस्पताल में ईलाज चल रहा है।
हादसे का पता चलते ही स्थानीय लोग बचाव व राहत कार्य के लिए पहुंचे। मृतक लेहरू राम सेना से सेवानिवृत हैं व उप-प्रधान भी रह चुके हैं। हादसे में मारा गया उनका बेटा बलदेव राज भराड़ी में दुकान करता था।
जबकि घायल दूसरा बेटा आईटीबीपी में कार्यरत है। भराड़ी थाना प्रभारी अजय ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।