हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू) के उत्तरी परिसर धर्मशाला के जदरांगल में 24-51-09 हेक्टेयर और दक्षिण परिसर देहरा में 34-55-61 हेक्टेयर गैर वन भूमि विश्वविद्यालय के नाम हस्तांतरित हो चुकी है। कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा के सवाल का लिखित जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने बताया कि केंद्रीय विश्वविद्यालय अधिनियम 2009 के तहत हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय स्थापित किया गया है।
उत्तरी परिसर के लिए धर्मशाला के जदरांगल में 75-39-31 हेक्टेयर वन भूमि का मामला वन संरक्षण अधिनियम 1980 के तहत प्रक्रिया अधीन होने के कारण अभी तक भूमि हस्तांतरित नहीं हो पाई है। दक्षिण परिसर के लिए 81-79-16 हेक्टेयर वन भूमि के लिए पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय यूजर एजेंसी शिक्षा विभाग के स्थान पर रजिस्ट्रार केंद्रीय विश्वविद्यालय को परिवर्तन करने का अनुमोदन प्रदान कर लिया गया है।