विधानसभा चुनाव से ठीक तीन दिन पहले प्रदेश निजी स्कूल संघ ने साफ कर दिया है कि जो भी राजनीतिक दल स्कूल संचालन में आ रही दिक्कतों का समाधान करेगा, उसी को संघ का समर्थन प्राप्त होगा। अन्यथा संघ चुनाव का बहिष्कार करने से भी नहीं हिचकिचाएगा।
संघ का कहना है कि बोर्ड से मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों को हर साल एफिलिएशन संबंधी कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन, किसी भी सरकार ने निजी स्कूलों की दिक्कतों का समाधान नहीं किया। लिहाजा, संचालक स्कूलों के संचालन संबंधी समस्या झेल रहे हैं।
निजी स्कूल संघ के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश ठाकुर, वरिष्ठ उपप्रधान जगजीत सिंह ठाकुर, महासचिव महेश राणा, रविंद्र सिंह, उपप्रधान मोतीलाल शर्मा, बसंत राणा, सचिव अमोदित सिंह, सुमन ठाकुर के अलावा गवर्निंग बाडी के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांगों को पूरा करने वाले दल को ही संघ अपना समर्थन देगा।