हॉट बनी ठियोग सीट पर कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पैराशूट से अपना करीबी उतारकर सबको चौंका दिया। 45 साल की उम्र के दीपक राठौर राहुल के खास करीबियों में माने जाते हैं। वे एक दशक से अधिक वक्त तक राहुल गांधी के साथ नई दिल्ली में काम कर चुके हैं।
मूल रूप से ठियोग के कुमारसैन क्षेत्र के निवासी राठौर पिछले काफी वक्त से शिमला में ही सक्रिय हैं। उन्होंने वकालत कर रखी है। राठौर ठियोग निर्वाचन क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों में भी अपनी गतिविधियां चलाए रखी हैं।
वे छात्र राजनीति के वक्त एनएसयूआई में काफी सक्रिय रहे। कई राज्यों में हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के चुनाव अधिकारी रह चुके हैं। वे वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव हैं और राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के भी प्रदेश संयोजक हैं।
हाल ही में कश्मीर में भविष्य में विधानसभा चुनाव के लिए एपीआरओ नियुक्त हुए। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ भी वे अच्छे संबंध बना चुके हैं।
माना जा रहा है कि राठौर को टिकट देने के बाद राहुल गांधी ठियोग निर्वाचन क्षेत्र में उनके लिए रैली करने भी आ सकते हैं।