विधानसभा चुनाव की सबसे हॉट सीट सुजानपुर को लेकर पूरे प्रदेश के लोग नजरें गड़ाए बैठे हैं। इस हॉट सीट को लेकर सट्टा भी खूब लगा हुआ है। भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं उनके सामने चुनाव मैदान में कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र राणा हैं।
भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के समर्थकों का लंबा इंतजार सोमवार को खत्म हो रहा है। दोनों दलों के समर्थक अपने-अपने प्रत्याशी की जीत को लेकर पूरी तरह आश्वास्त दिख रहे हैं। कई समर्थकों ने तो जीत-हार को लेकर मूंछें मुंडवाने की शर्त लगा रखी है।
वहीं कइयों ने तीन तोला से लेकर 10-10 तोला सोना और चांदी की शर्त लगाई हुई है। कुछ कट्टर समर्थकों ने बकरों और मेंढों की शर्त लगाई हुई है। भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल ने साल 1998 से विधानसभा चुनाव में अपनी जीत का क्रम जारी रखा हुआ है।