ऊना से कांग्रेस विधायक सतपाल रायजादा ने सऊदी अरब में मरने वाले एक स्थानीय युवक की मौत से जुड़े मामले को विधानसभा में उठाया। प्रश्नकाल के तुरंत बाद रायजादा ने विधानसभा अध्यक्ष से अनुमति लेकर कहा कि संजीव नाम का युवक सऊदी अरब में एक कंपनी में काम करता था। बीते तीन साल से युवक हिमाचल प्रदेश नहीं लौटा था और हाल में जब उसकी मृत्यु की बात सामने आई तो पता चला कि उसका अंतिम संस्कार हिंदू रीति रिवाज की बजाय दूसरे धर्म के आधार पर कर दफना दिया गया।
परिजनों ने शव को हिमाचल प्रदेश लाने के लिए प्रयास किए, लेकिन सफल नहीं हुए। ऐसे में सरकार से मांग की कि वह मामले में उचित कदम उठाए। रायजादा के उठाए विषय पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आश्वासन दिया कि विधायक मामले से जुड़ी जानकारी सरकार से साझा करें ताकि मामले को विदेश मंत्रालय के जरिये संबंधित देश की सरकार से उठाया जा सके।
सचिवालय सामान्य प्रशासन ने सचिवालय के सौंदर्यीकरण के लिए कमरों और गलियों में 962 गमले स्थापित किए हैं। इनमें 500 गमले आर्म्जडेल और 462 गमले इलर्जली भवन में रखे गए हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह जानकारी विधायक रमेश ध्वाला की ओर से पूछे गए लिखित प्रश्न के उत्तर में दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गमलें उद्यान मंडल, लोक निर्माण विभाग यूएस क्लब शिमला की ओर से स्थापित किए गए हैं। इनके लिए 5 लाख 63 हजार 500 रुपये धनराशि व्यय की गई है।
हिमाचल में 10,673 आवास आवंटित
शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि शहरी विकास योजना के तहत प्रदेश में 10 हजार 673 मकान आवंटित किए हैं। धर्मशाला में सबसे ज्यादा 1393 आवास अलाट किए गए हैं। उन्होंने यह जानकारी कांगड़ा के विधायक पवन कुमार काजल की ओर से पूछे गए लिखित प्रश्न के उत्तर में दी।
टैक्स माफ करके लाभान्वित हुए हैं निजी ऑपरेटर
हिमाचल में प्राइवेट ऑपरेटर्स को नुकसान की भरपाई के लिए कोई राशि जारी नहीं की है। यह जानकारी परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ने विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू की ओर से पूछे गए लिखित प्रश्न के उत्तर में दी। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से टोकन टैक्स एवं विशेष पथकर में छूट प्रदान की गई है। इसमें टैक्सी, मैक्सी, स्टेज कैरिज, कांटेक्ट कैरेज, ट्रकों एवं शैक्षणिक संस्थानों के ऑपरेटर लाभान्वित हुए है।
तरांडा ट्रैफिक टनल का कार्य लंबित पड़ गया है। अधिशाषी अभियंता करच्छम मंडल कार्यालय ने इस कार्य को करने के लिए 10 जुलाई, 2014 को टेंडर अवार्ड किया। लेकिन, ठेकेदार ने कार्य को अधूरा छोड़ दिया। इसके बाद विभाग की ओर से चार बार निविदाएं आमंत्रित की गईं लेकिन विस्फोटक सामग्री से संबंधित शर्तों को पूर्ण करने में असमर्थता के कारण किसी भी ठेकेदार ने निविदा नहीं डाली है।
अब उक्त शर्तों में थोड़ा बदलाव किया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह जानकारी विधायक जगत सिंह नेगी की ओर से पूछे गए लिखित प्रश्न के उत्तर में दी। उन्होंने कहा कि अधिशाषी अभियंता करच्छम मंडल ने 13 नवंबर, 2019 को पांचवीं बार निविदाएं आमंत्रित की हैं लेकिन एक टेंडर प्राप्त हुआ है। यह मामला सरकार के विचाराधीन है। 9 मार्च, 2021 को फिर से इसे सरकार की स्वीकृति के लिए प्रेषित किया गया है। जल्द ही आगामी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
25.88 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण का कार्य लगभग पूरा : सीएम
बद्दी - नालागढ़ फोरलेन की कुल लंबाई 17.370 किलोमीटर है। इस सड़क को फोरलेन बनाने के लिए 25.88 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण का कार्य लगभग पूरा हो गया है। पिंजौर - बद्दी - नालागढ़ सड़क की फोरलेनिंग के लिए एनएचएआई की ओर से अप्रैल 2021 में निविदा आमंत्रित करने की कार्रवलाई की जा रही है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह जानकारी विधायक परमजीत सिंह की ओर से पूछे गए लिखित प्रश्न के उतर में दी।