हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के साथ लगते जाठिया देवी माउंटेन सिटी प्रोजेक्ट के पहले चरण में हिमुडा 241 बीघा भूमि पर लगभग 1,327 करोड़ रुपये से 919 फ्लैट तैयार करेगा। नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित हिमुडा के निदेशक मंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में बद्दी के शीतलपुर में प्रस्तावित हिम चंडीगढ़ टाउनशिप, पच्छाद के मोरनी हिल्स और कांगड़ा एयरपोर्ट के निकट लंज में नई टाउनशिप के लिए प्रारंभिक प्रावधान के तौर पर पांच करोड़ रुपये मंजूर किए गए। ऊना के छेत्रा में उद्योग परियोजनाएं लगाने की स्वीकृति दी गई।