राजधानी के स्थानीय लोगों और सैलानियों पर नगर निगम ने नया आर्थिक बोझ लादने की तैयारी कर ली है। एमसी की 23 पार्किंगों में वाहन खड़े करने वाले वाहन चालकों को अब पार्किंग फीस के अलावा 12.36 प्रतिशत सेवा कर भी देना होगा। पार्किंग फीस पर सेवा कर लागू होने से पांच रुपये से लेकर 210 रुपये तक की बढ़ोतरी होगी।
वीरवार को महापौर संजय चौहान की अध्यक्षता में हुई फाइनेंस एंड प्लानिंग कमेटी की बैठक में यह फैसला लिया गया। प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी निगम सदन में दी जाएगी। निगम सदन ने अगर प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी तो पहली अक्तूबर से शहर में पार्किंग फीस महंगी हो जाएगी। फाइनेंस एंड प्लानिंग कमेटी की बैठक में सेवा कर लगने के बाद बनने वाली राशि को घटाया और बढ़ाया भी गया है।